जोधपुर | राजस्थान के जोधपुर में जोजरी नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जोधपुर-बाड़मेर हाईवे के पास स्थित लगभग 35 बीघा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रही फैक्ट्रियों के खिलाफ 15 जेसीबी मशीनों ने ध्वस्तीकरण शुरू किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 125 पुलिसकर्मियों का जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। जोधपुर विकास प्राधिकरण और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की देखरेख में यह अभियान चलाया जा रहा है।
करोड़ों की मशीनें जब्त और लंबी कार्रवाई
प्रशासन ने इन अवैध फैक्ट्रियों में मौजूद करोड़ों रुपये की भारी मशीनों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जोजरी नदी के मामले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला है। अधिकारियों के अनुसार अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और संभावना जताई जा रही है कि यह कार्रवाई अगले 8 दिनों तक निरंतर जारी रह सकती है। इससे अवैध औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप मचा हुआ है।