माउंट आबू | राजस्थान के प्रसिद्ध हिल स्टेशन माउंट आबू के पोलो ग्राउंड में आयोजित शरद महोत्सव के अंतिम दिन भारी बारिश के कारण कार्यक्रम में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित इस मुख्य समारोह में पार्श्व गायिका स्नेहा शंकरन ने अपने सुरीले गीतों से समां बांधा था लेकिन मौसम के बदलते मिजाज ने पर्यटकों के उत्साह पर पानी फेर दिया। महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और देश-विदेश से आए सैलानी मौजूद थे।

बारिश ने दो बार डाला खलल
कार्यक्रम के दौरान बारिश ने दो बार दस्तक देकर आयोजन की लय बिगाड़ दी। पहली बार रात करीब 10 बजकर 55 मिनट पर अचानक तेज बारिश शुरू होने से संगीत की प्रस्तुति को बीच में ही रोकना पड़ा। हालांकि कुछ समय बाद मौसम थोड़ा साफ होने पर कार्यक्रम को पुनः शुरू किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और नगर पालिका आयुक्त आशुतोष आचार्य सहित अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश वर्मा ने भी फिल्मी गीतों पर थिरकते हुए माहौल को खुशनुमा बनाने का प्रयास किया।
