भाजपा देश के हर एक नागरिक की मजबूती के लिए काम करती है। इसलिए इस चुनाव से ना केवल राजस्थान का बल्कि भारत का भी भाग्य बदलने वाला है।
मोदी सरकार ने वो किया जो 60 सालों में भी नहीं हुआ
वहीं, कर्नल राज्यवर्धन ने शुक्रवार को क्षेत्र के हाथोज, माचवा, चम्पापुरा, रूंझया मोड़, इंदिरा कॉलोनी, भरत अपार्टमेंट, टैगोर नगर, करणी पैलेस, सिरसी मोड़, सिवार, बिन्दायका, मुकुंदपुरा, नटलालपुरा, श्रीरामपुरा, मीणा वाला, धावास में जन संपर्क कर जनता से भाजपा के पक्ष में वोट मांगा।
कर्नल राज्यवर्धन ने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र है और लोकतंत्र में केन्द्र और राज्य सरकारों के कार्य और जिम्मेदारी तय होती है।
केन्द्र और राज्य सरकारें जब ईमानदारी से अपने-अपने काम करती है तो देश और प्रदेश का विकास होता है। भाजपा की मोदी सरकार ने पिछले नौ सालों में किस मजबूती और इमानदारी के साथ काम किया यह देश और दुनिया ने देखा।
जिन निर्णयों को लेने की कोई सोच भी नहीं सकता था वो बडे-बडे निर्णय लेकर मोदी सरकार ने वो काम किए जो 60 सालों में भी नहीं हुए।
दो सौ सालों तक जिसने लूटा, उसे अर्थव्यवस्था में पछाड़ दिया
दो सौ सालों तक जिस देश ने हमें गुलाम बनाकर लूटा आज भारत ने उसे अर्थव्यवस्था में पछाड़ दिया, अयोध्या में बिना किसी झगड़े के रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है, कश्मीर से धारा 370 को हटाया और सेना को मजबूत बनाया।
कर्नल राज्यवर्धन ने कहा कि एक और जहां केन्द्र में भाजपा की मोदी सरकार लगातार देश को मजबूत बनाने का काम कर रही है, वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच साल कुर्सी बचाने के लिए भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण किया।
भ्रष्टाचार के चलते सरकार ने जनता की मेहनत की कमाई को जमकर लूटा, प्रदेश में विकास कार्य ठप रहे, भ्रष्टाचार से बनी सड़के पहली बरसात में ही बह गई और प्रदेश की जनता तक पीने का पानी भी नहीं पहुंच पाया।
हर घर में नल से पीने का पानी
कर्नल राज्यवर्धन ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अगले पांच सालों में झोटवाड़ा में सीवरेज, सड़क, हाईटेंशन लाईन को भूमिगत करने और हर घर में नल से पीने का पानी आने सहित विकास के वो सभी काम होंगे जो पिछले पन्द्रह सालों में भी नहीं हो पाए।