सीकर: राजस्थान (Rajasthan) के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा (Jhabar Singh Kharra) ने सीकर (Sikar) के लक्ष्मणगढ़ (Lakshmangarh) में कहा कि ओबीसी आरक्षण (OBC Reservation) के बिना नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव (Panchayat Election) संभव नहीं हैं।
नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दो-टूक कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को सुनिश्चित किए बिना राज्य में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव कराना किसी भी सूरत में संभव नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनावों की संभावित देरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में गरमागरमी है।
सरदार पटेल जयंती पर बयान
मंत्री खर्रा का यह बयान लक्ष्मणगढ़ के रामलीला मैदान में आया। वे सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित एकता पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लोगों को संबोधित किया। यह पदयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर श्री भगवानदास तोदी महाविद्यालय पहुंची। अपने संबोधन में मंत्री खर्रा ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया, लेकिन मुख्य केंद्र कांग्रेस द्वारा ओबीसी आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे 'भ्रम' और चुनावों की तैयारियों पर रहा।