सिरोही | समाचार के शीर्षक से आपका चौंकना लाजिमी है पर हकीकत यही है। स्थानीय विधायक एवं पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के सेवा केंद्र में मनरेगा कार्मिक कार्य करते नजर आए। बताया जा रहा है कि शहरी मनरेगा योजना के तहत नगर परिषद की ओर से श्रमिकों को कार्य पर लगाया गया था।
इनकी हाजिरी हवाई पट्टी की चारदीवारी के पास पौधरोपण कार्य में लग रही थी, लेकिन राज्यमंत्री के आदेश पर इनको सेवा केंद्र में लगी झाडिय़ां कटवाने भेज दिया गया। रसूखात के आगे कायदे इतने बौने नजर आए कि सेवा केंद्र में मजदूर दो दिन कार्यरत रहे।
मनरेगा मजदूरों से करवाई सफाई
बताया जा रहा है कि राज्यमंत्री के सेवा केंद्र परिसर में झाडिय़ां उग आई थी। इनकी सफाई करवाने को लेकर मजदूर बुलाने थे। सफाई तो करवाई, लेकिन मजदूर मनरेगा से बुला दिए गए। आखिर राज्यमंत्री के सेवा केंद्र की सफाई करनी हो तो भला कायदे किसे दिखते हैं।
निर्धारित जगह पर कार्य करवाने के नियम
नियमानुसार मनरेगा कार्मिकों को मस्टररोल में निर्धारित जगह पर ही कार्य करवाया जा सकता है। अक्सर हाजिरी ज्यादा और मौके पर कम मजदूर मिलने की शिकायत भी आती है। लिहाजा अधिकारी समय-समय पर इन कार्य स्थलों की जांच भी करते हैं।