सम्मेलन के मुख्य वक्ता, जालौर विभाग प्रचारक संजीव कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हिंदू चेतना को जागृत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत कोई सामान्य भूमि का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह वह पुण्य धरा है जहाँ का सनातनी हिंदू सदैव 'विश्व कल्याण' की भावना से ओतप्रोत रहता है। उन्होंने इतिहास के कठिन कालखंडों और राष्ट्र पर हुए विदेशी अत्याचारों का स्मरण कराते हुए समाज को सीखने का आह्वान किया। संजीव कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हिंदू समाज अब भी जागृत और संगठित नहीं हुआ, तो आने वाले समय में इसके परिणाम अत्यंत विनाशकारी हो सकते हैं। उन्होंने संघ के 'पंच परिवर्तन' के संकल्प—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्य—को समाज शक्ति के माध्यम से लागू करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि हिंदू एकत्र नहीं हुए, तो राष्ट्र की अखंडता को पुनः खतरा हो सकता है, लेकिन यदि समाज जागृत हो जाए, तो भारत को विश्व शक्ति और विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
पूर्व सांसद देव जी एम पटेल ने भी सम्मेलन में अपने विचार रखते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू सम्मेलनों की महत्ता बढ़ गई है क्योंकि हमें जाति और वर्ग के भेदों को मिटाकर एक सूत्र में पिरोना होगा। पटेल ने माताओं और बहनों से विशेष अपील की कि वे अपनी पुरानी संस्कृति और संस्कारों की संवाहक बनें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को श्रेष्ठ शिक्षा मिल सके। उन्होंने अपने गुरु चरणनाथजी की पावन पुण्य भूमि की महिमा का भी गुणगान किया।
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए साध्वी सीता गिरी जी ने कहा कि महिलाएँ केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भी पोषक और वाहक हैं। उन्होंने 'कुटुंब प्रबोधन' के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक जागरूक महिला किस प्रकार राष्ट्र को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दे सकती है। चंपाबाई दुगावा ने भी कुटुंब प्रबोधन और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया।
आयोजन के अंत में श्रद्धेय नेमिनाथ जी महाराज ने सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम के संयोजक थाना रामजी भूरिया दुगावा ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार प्रकट किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन मंडल पालक लालाराम पथमेड़ा द्वारा अत्यंत कुशलता से किया गया। इस विराट सम्मेलन में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए खेमारामजी लुनियासर, दिनेश नैनोल, मानाराम दुगावा और रामदेव साउंड सांचौर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में सक्रिय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं और भामाशाहों को भरतनाथ जी महाराज द्वारा दुप्पटा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में माननीय संघचालक अंबालाल जी, सीएमएचओ डॉ. भेराराम जानी, मोहनलाल भूंगर, अशोक कुमार दुगावा, हरिसिंहजी सुरवा, दुदाराम जी नैनोल, रावता रामजी, मसराराम, हरिराम जी पांचला सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।