सिरोही | "मैं यहां नौकरी करने नहीं आया हूं, व्यापार करने आया हूं, मुझे व्यापार चाहिए।" यह आरोप प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी पर लगा है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सिरोही जिले के आबूरोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता अशोक जेलिया की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आबू मार्बल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्वयं उपाध्याय ने यह शिकायत राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी से राइजिंग राजस्थान समिट के बाद की है। शिकायत में कहा गया है कि व्यवसायियों को परेशान किया जा रहा है और काम के बदले सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों को अपने काम के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं, जो कि मुख्यमंत्री और सरकार की छवि को धूमिल कर सकता है।
मंत्री से शिकायत, अधिकारियों पर आरोप
स्वयं उपाध्याय ने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और जिला कलेक्टर से शिकायत करते हुए कहा कि एक नया उद्योग स्थापित करने के प्रयास में अशोक जेलिया द्वारा रोड़े अटकाए जा रहे हैं। एक व्यक्ति ने 7 सितंबर को प्रदूषण बोर्ड में अपनी फ़ाइल जमा कराई थी, लेकिन जब उपाध्याय ने 15 सितंबर को इस संदर्भ में अशोक जेलिया से फोन पर बात की, तो उन्होंने कहा, "इतना जल्दी काम नहीं हो सकता, हम इसे अक्टूबर में करेंगे।"