जयपुर । डिस्कॉम्स चेयरमैन सुश्री आरती डोगरा ने फील्ड के अभियन्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे नए कनेक्शनों की पेंडेंसी खत्म करने के लिए हरसंभव प्रयास सुनिश्चित करें। लम्बित आवेदनों के बैकलॉग को 30 अक्टूबर तक आवश्यक रूप से समाप्त करें। सुश्री डोगरा गुरूवार को विद्युत भवन में बिजली कनेक्शनों के लंबित आवेदनों को लेकर जयपुर डिस्कॉम के अभियंताओं के साथ समीक्षा कर रही थीं।
सुश्री डोगरा ने इस दौरान प्रत्येक सर्किल से सर्वाधिक लंबित कनेक्शन वाले दो सब डिवीजन कार्यालयों में घरेलू, अघरेलू, औद्योगिक तथा वाणिज्यिक श्रेणी के लंबित बिजली कनेक्शनों की विस्तार से समीक्षा की और आवेदकों को जल्द राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता कनेक्शनों के निस्तारण की प्रगति के लिए अपने अधीनस्थ कार्मिकों के ही भरोसे न रहें। एनसीएमएस सॉफ्टवेयर को खुद देखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी श्रेणी के कनेक्शन सुगमता से जारी हों।
डिस्कॉम्स चेयरमैन ने कहा कि यदि किसी प्रकरण में आवेदक के स्तर पर दस्तावेज की पूर्ति में कमी है तो उसे उचित माध्यम से सूचित करें ताकि आवेदक के द्वारा कमी को समय रहते दूर किया जा सके। डिस्कॉम चेयरमैन ने कई उपखंडों मेें बीते कुछ समय में इस दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना भी की।