उदयपुर | राजस्थान के झीलों की नगरी उदयपुर से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार 17 जनवरी को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से ठीक पहले का एक 1 मिनट 10 सेकंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो न केवल तेज रफ्तार के जुनून को दर्शाता है, बल्कि मौत के उस आखिरी मंजर को भी बयां करता है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
रफ्तार का जुनून और मौत का वीडियो
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार चला रहा युवक, जिसकी पहचान शेर मोहम्मद के रूप में हुई है, एक हाथ में सिगरेट थामे हुए है और दूसरे हाथ से स्टयरिंग संभाल रहा है। कार की रफ्तार मीटर में 100, 120 और फिर देखते ही देखते 140 किलोमीटर प्रति घंटे के करीब पहुंच जाती है। पीछे बैठा एक दोस्त लगातार वीडियो बना रहा था, जबकि दूसरा दोस्त ड्राइवर को इतनी तेज गाड़ी चलाने से मना भी कर रहा था। लेकिन रफ्तार का नशा और लापरवाही भारी पड़ गई। वीडियो शुरू होने के महज 70 सेकंड के भीतर ही एक जोरदार धमाका होता है और सब कुछ खत्म हो जाता है।
