आबू रोड। आज आबू की धरा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन होगा। वह उदयपुर से प्रस्थान कर सेना के विशेष हेलीकाप्टर से शाम 5 बजे मानपुर हवाई पहुंचेंगी, जहां ब्रह्माकुमारीज़ के पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग द्वारा ब्रह्माकुमारीज़ के शांतिवन, मान सरोवर परिसर पहुंचेंगी, जहां रात्रिविश्राम करेंगी। साथ ही संस्थान के मैनेजमेंट कमेटी मेंबर से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बुधवार को दिल्ली से आए वरिष्ठ अधिकारियों ने दल ने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने हैलीपेड से लेकर शांतिवन और मान सरोवर में एक-एक चीज को बारीकी से परखा। साथ ही व्यवस्थाओं को लेकर ब्रह्माकुमारीज़ के कार्यकारी सचिव डॉ. मृत्युंजय भाई से जानकारी ली।

राष्ट्रपति 4 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे शांतिवन के डायमंड हाल में चार दिवसीय वैश्विक शिखर सम्मेलन का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ करेंगी। इस मौके पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। आध्यात्मिकता द्वारा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज विषय पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज को स्वच्छता और स्वस्थता का संदेश देना है। राष्ट्रपति बनने के बाद ब्रह्माकुमारीज़ में मुर्मु का यह दूसरा दौरा है।
