सर्कुलर जारी: एक अक्टूबर से बदलेगा स्कूलों का समय, जानें क्या होगी पाठशाला की नई टाइमिंग

एक अक्टूबर से बदलेगा स्कूलों का समय, जानें क्या होगी पाठशाला की नई टाइमिंग
Ad

Highlights

शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के अनुसार, एक पारी के विद्यालय सुबह 10 से 4 बजे तक, जबकि दो पारी के विद्यालय सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित होंगे, प्रत्येक पारी पांच घंटे चलेगी।

जयपुर | मानसून की विदाई और सर्दियों की आहट ने अब लोगों की दिनचर्या को बदलना शुरू कर दिया है। 

दिन छोटे होने से अंधेरा भी जल्दी होने लगा है और सुबह की शुरूआत भी देर से होने लगी है। 

ऐसे में शिक्षा विभाग भी एक्टिव हो गया है और स्कूली बच्चों का ध्यान रखते हुए स्कूल टाइमिंग में परिवर्तन करने की तैयारी शुरू कर दी है। 
इसके तहत शिक्षा विभाग एक अक्टूबर से प्रदेश के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों का समय बदलने जा रहा है। 

1 अक्टूबर से स्कूलों में टाइम बदलने को लेकर सर्कुलर जारी कर दिया है।

शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के अनुसार, एक पारी के विद्यालय सुबह 10 से 4 बजे तक, जबकि दो पारी के विद्यालय सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित होंगे, प्रत्येक पारी पांच घंटे चलेगी।

इसी के साथ शिक्षा विभाग ने अपना कार्यक्रम जारी करते हुए जानकारी देते हुए बताया कि 31 दिवस वाले अक्टूबर महीने में 24 कार्य दिवस रहेंगे, जबकि 4 अवकाश एवं 3 उत्सव रहेंगे। 

इसमें 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और लाल बहादुर जयंती, 15 अक्टूबर को नवरात्रा स्थापना, 22 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी एवं 24 अक्टूबर को विजय दशमी (दशहरा) का अवकाश रहेगा। 

इनके अलावा 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर उत्सव मनाया जाएगा।

जिला स्तरीय विज्ञान मेले का होगा आयोजन

षिक्षा विभाग के अनुसार अक्टूबर में 3 से 5 अक्टूबर तक जिला स्तरीय विज्ञान मेले का भी आयोजन किया जाएगा। 

वहीं 3 से 8 अक्टूबर तक आयु वर्ग- 14, 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा के तृतीय समूह की राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही 11 से 12 अक्टूबर तक राज्य स्तर पर रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 

वहीं 13 से 14 अक्टूबर तक जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 19 से 21 अक्टूबर तक विद्यार्थियों की द्वितीय परख होगी।

25 से 29 अक्टूबर तक आयु वर्ग- 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की चतुर्थ समूह की जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 

इसके अलावा अक्टूबर माह में 7 अक्टूबर को विद्यालय स्तर पर सामुदायिक बाल सभा आयोजित की जाएगी।

10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा।

इसके अलावा 13 अक्टूबर को विश्व दृष्टि दिवस, 15 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती, 28 अक्टूबर को सार्वजनिक स्थल या चौपाल पर सामुदायिक बाल सभा का आयोजन किया जाएगा।

31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी तथा इंदिरा गांधी पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई जाएगी।

Must Read: झुंझुनूं के पचेरी कलां बॉर्डर पर दो साधुओं के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

पढें क्राइम खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :