Highlights
- सांवरिया सेठ का चांदी का आधार कार्ड बना चर्चा का विषय।
- कलाकार धनराज सोनी ने चांदी के पत्ते पर उकेरी बारीक नक्काशी।
- कार्ड पर जन्म तिथि के रूप में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लेख।
भीलवाड़ा | राजस्थान की भक्ति और कला की पावन धरा से श्रद्धा का एक अद्भुत उदाहरण सामने आया है। भीलवाड़ा जिले के आसींद निवासी स्वर्ण एवं चांदी कलाकार धनराज सोनी ने अपनी कला और अटूट भक्ति का परिचय देते हुए मेवाड़ के प्रसिद्ध ठाकुर जी, श्री सांवरिया सेठ के लिए चांदी का आधार कार्ड तैयार किया है। यह कार्ड सोशल मीडिया और स्थानीय क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
इस चांदी के आधार कार्ड को बिल्कुल भारत सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक कार्ड की तर्ज पर बनाया गया है। चांदी के पतले पत्र पर की गई यह कलाकारी बेहद आकर्षक है, जिसमें भारत का राजचिह्न अशोक स्तंभ और सांवरिया सेठ की मनमोहक छवि अंकित की गई है। कार्ड पर भगवान का नाम, लिंग और उनकी जन्म तिथि के रूप में भाद्रपद कृष्ण अष्टमी 3112 ईसा पूर्व अर्थात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को दर्शाया गया है।
कलाकार धनराज सोनी ने बताया कि उन्होंने यह विशेष कार्ड एक ग्राहक की मांग पर तैयार किया है। कार्ड के निचले हिस्से पर मेरे सरकार मेरी पहचान संदेश लिखा गया है, जो भक्त की अपने आराध्य के प्रति गहरी आस्था को व्यक्त करता है। चांदी के इस पत्ते पर की गई बारीक नक्काशी न केवल देखने में सुंदर है, बल्कि यह राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और धार्मिक संस्कृति के संगम को भी जीवंत करती है।
राजनीति