Highlights
जोधपुर में नंदोत्सव के तहत मटकी फोड़ आयोजन हुआ जिसमें डीजे-साउंड का स्टैंड लोगों पर गिर गया। इस हादसे 3 लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जोधपुर | प्रदेश में जन्माष्टमी का त्यौहार तो राजी खुशी बीत गया, लेकिन शुक्रवार को नंद उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
शक्रवार रात जोधपुर में नंदोत्सव के तहत मटकी फोड़ आयोजन हुआ जिसमें डीजे-साउंड का स्टैंड लोगों पर गिर गया।
इस हादसे 3 लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों का इलाज महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है।
लौहे का भारी-भरकम स्टैंड लोगों की भीड़ पर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ये पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया जिसका वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, ये हादसा भीतरी शहर के परकोटा में स्थित प्राचीन गंगश्याम जी मंदिर में रात करीब 10ः15 बजे हुआ। इस दौरान यहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे और कार्यक्रम को एंजॉय कर रहे थे।
मटकी फोड़ने के लिए लोगों ने खींची रस्सी और...
जोधपुर के इस मंदिर में हर साल जन्माष्टमी के अगले दिन नंदोत्सव का आयोजन किया जाता है।
शुक्रवार को भी मंदिर में आयोजन हो रहा था। जिसके लिए यहां लाइट एंड साउंड का इंतजाम किया गया था।
मटकी को डीजे-लाइट के स्टैंड पर ही रस्सी से बांधा गया था। ऐसे में जब रात करीब 10ः15 बजे मटकी फोड़ने की शुरुआत हुई तो लोगों ने स्टैंड पर बंधी रस्सी को खींचना शुरू कर दिया।
बार-बार रस्सी को खींचने से स्टैंड ढीला हो गया और भीड़ पर आ गिरा।
भीड़ में मची अफरा-तफरी
जैसे ही स्टैंड लोगों पर गिरा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग बचने के लिए चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे।
स्ट्रैंड गिरने से 3 लोग गंभीर घायल हो गए। जिन्हें महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि इतना बड़ा आयोजन होने के बाद भी यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।
हालांकि, हादसे के बाद पुलिस के कई अधिकारी मंदिर परिसर में पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच में जुट गए।
हादसे की सूचना मिलते ही शहर की विधायक मनीषा पंवार, एसीपी छवी शर्मा समेत कई जन प्रतिनिधि अस्पताल भी पहुंचे और घायलो की कुशलक्षेम पूछी।