आरक्षण और हक की हुंकार: पूर्वी राजस्थान क्षत्रिय महासमागम: खेड़ली में उमड़ा जनसैलाब, EWS आरक्षण और राजनीतिक हक के लिए उठी आवाज

पूर्वी राजस्थान क्षत्रिय महासमागम: खेड़ली में उमड़ा जनसैलाब, EWS आरक्षण और राजनीतिक हक के लिए उठी आवाज
Ad

Highlights

  • 30 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी
  • EWS आरक्षण 20 प्रतिशत करने की मांग
  • हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
  • स्थानीय निकाय चुनावों में आरक्षण का मुद्दा गरमाया।

खेड़ली | राजस्थान के अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में रविवार को 'पूर्वी राजस्थान क्षत्रिय महासमागम' का भव्य आयोजन हुआ। इस महासमागम में 10 जिलों की 39 विधानसभा क्षेत्रों से आए 30 हजार से अधिक लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ा। कृषि उपज मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के दिग्गजों ने हुंकार भरते हुए राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण के मुद्दों पर अपनी मांगें रखीं।

EWS आरक्षण पर कड़ा रुख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शक्ति सिंह बांदीकुई ने कहा कि आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में EWS आरक्षण लागू कराना क्षत्रिय समाज का प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सभी राजनीतिक दलों को चुनाव से पहले इस पर अपना रुख स्पष्ट करना होगा, अन्यथा समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा। समाज ने एक स्वर में राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने, शिक्षा और रोजगार में समान अवसर के साथ EWS आरक्षण को मजबूत करने की मांग उठाई।



महासमागम की प्रमुख मांगें
महासमागम के दौरान समाज ने सात सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:

  • पूर्वी राजस्थान में क्षत्रिय समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाना।
  • EWS आरक्षण को वर्तमान 10% से बढ़ाकर 20% करना।
  • पंचायत राज व स्थानीय निकाय चुनावों में EWS आरक्षण अनिवार्य रूप से लागू करना।
  • केंद्र स्तर पर EWS प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाना।
  • क्षत्रिय इतिहास से छेड़छाड़ रोकने के लिए सख्त कानून बनाना।


हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और पैदल मार्च
कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि समाज के लोगों के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल उत्साह से भर गया। सभा के समापन के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने खेड़ली उप-तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मुख्य अतिथि मेघराज सिंह रॉयल ने कहा कि शिक्षा और रोजगार किसी भी समाज के भविष्य की मजबूत नींव हैं और लोकतंत्र में सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही स्थायी समाधान है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। लक्ष्मणगढ़ डीएसपी कैलाश जिंदल और खेड़ली थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस जाप्ता तैनात रहा। कार्यक्रम में शक्ति सिंह बांदीकुई, मेघराज सिंह रॉयल, रिटायर्ड आईएएस राजेंद्र सिंह शेखावत और ब्रिगेडियर जितेंद्र सिंह जैसे गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Must Read: कहा- भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले गहलोत सरकार पर नहीं खुद पर लगा रहे

पढें राजस्थान खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :