जालोर में MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़: जालोर के बागोड़ा में एमडी ड्रग्स की अवैध फैक्ट्री पकड़ी, 15 करोड़ का कच्चा माल जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

जालोर के बागोड़ा में एमडी ड्रग्स की अवैध फैक्ट्री पकड़ी, 15 करोड़ का कच्चा माल जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
Ad

Highlights

  • जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव में एमडी ड्रग्स की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़

  • ऑपरेशन “विषसर्जना” के तहत एएनटीएफ की कार्रवाई

  • करीब 15 करोड़ रुपए का कच्चा माल और आधुनिक उपकरण जब्त

राजस्थान |  जालोर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव में पुलिस और एएनटीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 15 करोड़ रुपये का कच्चा माल और अत्याधुनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बागोड़ा क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एएनटीएफ टीम को इलाके की सटीक लोकेशन मिली। टीम ने स्थानीय कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों की मदद ली और पता चला कि एक स्थान पर बड़ी संख्या में खाली ड्रम मुफ्त में देने की सूचना दी जा रही है।

इसी इनपुट के आधार पर टीम ने शुक्रवार शाम दबिश दी और मौके से करीब 50 किलो एमडी ड्रग्स बनाने लायक कच्चा माल बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसके साथ ही फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक उपकरण भी जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ओम प्रकाश एक बड़े तस्कर का सहायक था और किराए के मकान में फैक्ट्री संचालित कर रहा था। फैक्ट्री चलाने के बदले उसे करीब 4 लाख 50 हजार रुपये किराए के रूप में मिलते थे।

पुलिस के अनुसार, मुख्य सरगना के जेल जाने के बाद ओम प्रकाश खुद गिरोह का संचालन करने लगा। उसने अपने अनुभव और इंटरनेट की मदद से एमडी ड्रग्स बनाने का तरीका सीखा। पिछले चार महीनों से वह अपने एक सहयोगी के साथ हर 10 दिन में करीब 10 किलो एमडी तैयार कर बाजार में खपा रहा था। इस दौरान करीब 15 से 20 करोड़ रुपये का माल बाजार में सप्लाई किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी तीन-चार दिन पहले ही सुरक्षा कारणों से फैक्ट्री की जगह बदलकर नया उत्पादन शुरू करने की तैयारी में था और इसके लिए उसने एक नया पार्टनर भी जोड़ा था।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री के लिए कच्चा माल गुजरात और जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों से भीनमाल की एक ट्रेवल एजेंसी के जरिए मंगाया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में मिले करीब 400 लीटर कच्चे केमिकल की सप्लाई कहां से की गई थी। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश के लिए जांच जारी है।

Must Read: 2,500 रुपये रिश्वत लेते हुए मुकादम गिरफ्तार

पढें क्राइम खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :